हजारीबाग, जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पेट्रोल छिड़ककर हाइवा गाड़ी में आग लगाने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है।

इस मामले में कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के चार सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल बुधवार को 13 माइल पुल के पास हाइवा वाहन में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद अपराधियों की ओर से हस्तलिखित पर्चा छोड़कर जिम्मेदारी ली गई थी, जिसमें प्रकाश शुक्ला, मयंक सिंह और राहुल दुबे गिरोह का नाम लिखा हुआ था।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। 23 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि चंदौल गांव के हथिया पत्थर जंगल में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जहां चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में मो. एजाज (21), मो. अफताब ( 22), मो. सलामत अंसारी ( 24 ), तुषार सिन्हा (22) सभी आरोपित बड़कागांव थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

इनके पास से दो 7.65 एमएम देशी पिस्टल , एक नाइन एमएम का पिस्टल , जिंदा गोली 11, नाै हस्तलिखित पर्चा, चार मोबाइल बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपिताें ने खुलासा किया कि वे पहले से राहुल दुबे गिरोह के लिए काम करते थे और उसी के निर्देश पर 22 अप्रैल को जेएसपीएल कंपनी में जाने वाली हाइवा गाड़ी को रोककर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इस घटना में वाहन आंशिक रूप से जल गया था। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी आगे भी कोल माइंस क्षेत्र में दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।