दूसरे चरण के मतदान से पहले हावड़ा में ईडी की छापेमारी, कई चावल कारोबारियों के ठिकानों पर तलाशी
कोलकाता, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से
पहले प्रवर्तन निदेशालय ने एक बार फिर सक्रियता बढ़ा दी है। उत्तर 24
परगना जिले के हाबड़ा इलाके में शनिवार सुबह से कई स्थानों पर छापेमारी और
तलाशी अभियान चलाया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई चावल कारोबारियों
के घरों और परिसरों पर ईडी की टीम पहुंची। केंद्रीय बल के जवान भी अभियान
में साथ रहे।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई राशन घोटाला
मामले से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर की जा रही है।
बताया गया है कि शनिवार तड़के कोलकाता स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स से ईडी की
कई टीमें रवाना हुई थीं।
सूत्रों का कहना है कि अधिकारियों को
कारोबारियों के घरों के बाहर कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। काफी देर तक
दरवाजा नहीं खुलने के बाद लंबी प्रतीक्षा के पश्चात प्रवेश मिला और उसके
बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय स्तर पर दावा किया गया है
कि हावड़ा के कारोबारी समीर चंद और सागर साहा के आवासों पर भी ईडी की टीम
पहुंची है, जहां तलाशी जारी है।
राज्य में विधानसभा चुनाव के माहौल
के बीच पिछले कुछ सप्ताह से ईडी विभिन्न मामलों में लगातार सक्रिय नजर आ
रही है। कभी घरों और दफ्तरों में तलाशी ली जा रही है, तो कभी संदिग्धों को
पूछताछ के लिए सीजीओ कॉम्प्लेक्स बुलाया जा रहा है।
सत्तारूढ़
तृणमूल कांग्रेस ने ईडी की इस सक्रियता पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप
है कि चुनाव के समय केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर उसे राजनीतिक रूप से
परेशान करने की कोशिश की जा रही है। तृणमूल के कई नेता और मंत्रियों को भी
तलब किया गया है। कुछ नेता पूछताछ में शामिल हुए हैं, जबकि कुछ ने चुनाव
प्रचार में व्यस्तता का हवाला देकर समय मांगा है।
उल्लेखनीय है कि
राज्य में 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हो चुका
है। दूसरे चरण में शेष 142 सीटों पर 29 अप्रैल, बुधवार को मतदान होगा।
हाबड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी इसी चरण में वोट डाले जाएंगे। चुनाव परिणाम
चार मई को घोषित किए जाएंगे।















