अग्निमित्रा पाल पर हमला मामले में प्राथमिकी दर्ज, एक गिरफ्तार
आसनसोल, आसनसोल
दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और पश्चिम बंगाल भाजपा प्रदेश
कमेटी की उपाध्यक्ष अग्निमित्रा पाल पर कथित जानलेवा हमले के मामले में
हीरापुर थाना पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर
एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि बांकुड़ा
जिले के खतरा ढलाई रोड, जीवनपुर निवासी जयंत विश्वास की शिकायत पर यह मामला
दर्ज किया गया। जयंत ने ईमेल के जरिए शिकायत भेजी, जिसके आधार पर बीएनएस
की धारा 126(2), 124(4)/35 और 109 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस
ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हीरापुर थाना क्षेत्र के रहमत नगर निवासी 49
वर्षीय असगर अली को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया। जांच
अधिकारी एवं निरीक्षक अंजन मंडल की अपील पर अदालत ने आरोपी को दो दिनों की
पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना
गुरुवार की है, जब भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल अपने विधानसभा क्षेत्र
के विभिन्न बूथों का दौरा कर रही थीं। इसी दौरान हीरापुर थाना क्षेत्र के
रहमत नगर इलाके में उनकी गाड़ी पर कथित रूप से पत्थर फेंका गया, जिससे वाहन
का पिछला शीशा टूट गया। घटना के बाद अग्निमित्रा पाल ने हीरापुर थाने
पहुंचकर मौखिक शिकायत दर्ज कराई थी।
इस घटना के बाद अग्निमित्रा पाल
की गाड़ी में हेलमेट पहनकर बैठी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो
गई थी, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी।
शिकायतकर्ता जयंत
विश्वास ने अपने ईमेल में आरोप लगाया है कि गुरुवार को अग्निमित्रा पाल आलम
नगर उर्दू स्कूल में बने मतदान केंद्र के बूथ संख्या 135, 136, 137 और 138
पर पहुंची थीं। इसी दौरान कथित रूप से तृणमूल समर्थकों ने उनकी कार पर
पथराव किया और शीशा तोड़ दिया। शिकायत में इसे हत्या का प्रयास बताया गया
है, जिसके आधार पर बीएनएस की धारा 109 भी जोड़ी गई है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।















