पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पांच आतंकी ढेर
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा की पुलिस और
काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने गुरुवार को बन्नू जिले में एक खुफिया
सूचना पर केंद्रित अभियान में पांच आतंकवादियों को मार गिराया। उनके पास से
राइफलें और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है।
दुनिया न्यूज
की रिपोर्ट के अनुसार, जवानों को देखते ही आतंकवादियों ने अंधाधुंध
फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद हुई गोलीबारी में पांच संदिग्ध आतंकवादी मारे
गए, जबकि कई अन्य भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के बाद पुलिस की एक बड़ी
टुकड़ी मौके पर पहुंची और भाग रहे संदिग्धों को पकड़ने के लिए इलाके में
तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों की
पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है। उनके पास से पांच कलाश्निकोव राइफल, दस
मैगजीन, पांच बैंडोलियर, दो हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में गोला-बारूद
भी बरामद किया। खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि
आतंकवादियों के मददगारों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।















