नेपाल में भारी बारिश का अलर्ट, सरकार की सभी स्कूलों को 27 सितंबर तक बंद रखने की अपील
काठमांडू, देश में भारी वर्षा के अलर्ट पर सरकार ने 24-27 सितंबर तक देशभर के विद्यालयों में छुट्टी करने का अनुरोध किया है। जल तथा मौसम विज्ञान विभाग और राष्ट्रीय विपद् जोखिम न्यूनीकरण तथा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए)) ने इस अवधि में देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, हिमपात और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
एनडीआरआरएमए के पूर्वानुमान के आधार पर शिक्षा तथा खेलकूद मंत्रालय ने सभी शिक्षा विकास एवं समन्वय इकाइयों को पत्र भेजकर स्थानीय निकायों के साथ समन्वय करते हुए आवश्यकतानुसार विद्यालयों में छुट्टी करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय के सह सचिव श्रीप्रसाद भट्टराई की विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रतिकूल मौसम के कारण बाढ़, भूस्खलन, जलभराव, नदी कटान और सड़क अवरोध जैसे जोखिम पैदा हो सकते हैं। मंत्रालय ने लोगों से भयभीत होने के बजाय पूर्व तैयारी और सावधानी बरतने का आग्रह किया है। साथ ही विद्यार्थियों, बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में छुट्टी की व्यवस्था के लिए आवश्यक समन्वय और सहजीकरण करने को कहा गया है।
मंत्रालय ने इस दौरान निर्धारित विश्वविद्यालयों और अन्य परीक्षा संचालित करने वाले निकायों की परीक्षाओं को भी आवश्यकतानुसार स्थगित करने का निर्देश दिया है। विपदा की स्थिति में यदि सुरक्षित विद्यालय भवनों को अस्थायी आश्रयस्थल के रूप में इस्तेमाल करने की आवश्यकता पड़े, तो स्थानीय निकायों को इसके लिए सहयोग और समन्वय करने का निर्देश संबंधित निकायों को दिया गया है। मंत्रालय ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे अपने बच्चों को नदी, नाले, पोखरी तथा भूस्खलन के जोखिम वाले स्थानों पर जाने से रोकें और मौसम की स्थिति को देखते हुए उच्च सतर्कता बरतें।















