विदेश में रह रहे मतदाताओं को मतदान अधिकार के लिए कानून बनाने का नेपाल के गृहमंत्री का आग्रह
काठमांडू, नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने विदेश में रह रहे
तथा अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर रहने वाले मतदाताओं को मतदान का अधिकार
देने के लिए आवश्यक कानूनी प्रावधान प्रस्तावित विधेयक में शामिल करने का
आग्रह किया है। निर्वाचन आयोग के साथ निर्वाचन प्रबंधन विधेयक के मसौदे और
चुनाव सुधार को लेकर हुई चर्चा के दौरान उन्होंने यह आग्रह किया।
गृहमंत्री
गुरुंग ने इसी के अनुरूप तकनीकी तैयारियां शुरू करने के लिए भी निर्वाचन
आयोग से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार विदेश में रह रहे
नेपाली नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गुरुंग
ने कहा कि पिछले चुनावों में ही सरकार का पूरा प्रयास था कि विदेशों में
रह रहे नेपाली नागरिकों को मतदान का अधिकार मिले लेकिन उस समय कुछ तकनीकी
कारणों से यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने पिछली बार के चुनाव में सामने आई
समस्याओं के समाधान के लिए निर्वाचन आयोग से आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
मुख्य
निर्वाचन आयुक्त मानबहादुर कार्की ने बताया कि इस व्यवस्था के लिए कानूनी,
संस्थागत और तकनीकी तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। उन्होंने इसके लिए
आवश्यक संसाधन और जनशक्ति सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने की उम्मीद जताई।
कार्की
ने कहा कि चुनाव की स्वच्छता, स्वतंत्रता और निष्पक्षता को और मजबूत करने
तथा आम मतदाताओं की इच्छा के अनुरूप चुनाव की प्रक्रिया और प्रणाली में
सुधार करने के लिए आयोग सक्रिय रूप से काम कर रहा है।














