विदेश मंत्री अराघची के इस्लामाबाद पहुंचते ही ईरान ने कहा-अमेरिका से बातचीत की योजना नहीं
तेहरान, ईरान ने साफ किया है कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची की
इस्लामाबाद यात्रा के दौरान अमेरिका के साथ बातचीत की योजना फिलहाल नहीं
है। अराघची के नेतृत्व में ईरान का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंचा है।
ईरान ने कहा है कि इस यात्रा के दौरान ईरान-अमेरिका के बीच कोई सीधी बैठक
तय नहीं है। खास बात यह है कि अमेरिका ने कहा है कि अमेरिका के विशेष दूत
स्टीव विटकॉफ और व्हाइट हाउस सलाहकार जेरेड कुशनर शनिवार को ईरान के साथ
बातचीत के लिए इस्लामाबाद जाएंगे।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास
अराघची के नेतृत्व में शुक्रवार रात ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तानी
नेताओं के बातचीत इस्लामाबाद पहुंचा है।ईरान इंटरनेशनल ने संसद की
राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी के
हवाले से बताया है कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची की पाकिस्तान यात्रा केवल
द्विपक्षीय मुद्दों तक सीमित है और इसका परमाणु वार्ता से कोई संबंध नहीं
है।
अज़ीज़ी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “तेहरान में विदेशी
पत्रकारों से मुलाकात की और उन्हें हमारे देश की सही तस्वीर पेश करने के
लिए आने के लिए धन्यवाद दिया। बैठक में मैंने स्पष्ट कर दिया कि विदेश
मंत्री अराघची की पाकिस्तान यात्रा केवल द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा के
लिए है और उन्हें परमाणु वार्ता से संबंधित कोई कार्य नहीं सौंपा गया है,
जो ईरान की प्रमुख सीमाओं में से एक है।”
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट
के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्री शुक्रवार देर रात इस्लामाबाद पहुंचे।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने एक्स पर उनके पहुंचने की जानकारी
दी। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई भी डेलीगेशन के साथ
हैं।
हालांकि अमेरिका का कहना है कि तेहरान द्वारा ट्रंप प्रशासन से
संपर्क करने के बाद अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और व्हाइट हाउस
सलाहकार जेरेड कुशनर शनिवार को ईरान के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद
जाएंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने अपने बयान में कहा कि
ईरान ने आमने-सामने की बातचीत का अनुरोध किया है।















