बांग्लादेश की लेक सिटी रंगामती में बरसात की मार, कपताई झील पर बना हैंगिंग ब्रिज डूबा
ढाका
(बांग्लादेश), देश में लेक सिटी के नाम से मशहूर और
प्रमुख पर्यटक स्थल रंगामती में कपताई झील पर बना हैंगिंग ब्रिज (झूलता
पुल) डूब गया है। कई दिनों की भारी बारिश और पहाड़ियों से आए पानी की वजह
से कपताई झील का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। बांग्लादेश पर्यटन निगम ने
सुरक्षा कारणों से पुल के आसपास जाने पर रोक लगा दी है। प्रवेश द्वार पर
लाल झंडा लगाते हुए बांस की बैरिकेडिंग की गई है। रंगामती देश के
दक्षिण-पूर्वी हिस्से में चटगांव डिवीजन में आता है।
ढाका
ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पुल के बंद हो जाने से जानकारी के अभाव
में पहुंच रहे पर्यटकों का निराशा का सामना करना पड़ रहा है। इससे स्थानीय
पर्यटन उद्योग को भी झटका लगा है। यह झील बांग्लादेश की सबसे बड़ी कृत्रिम
(मानव निर्मित) झील है। यह कर्णफुली नदी पर बने कपताई बांध के कारण
अस्तित्व में आई। 335 फीट लंबे खूबसूरत पुल को रंगामती पर्यटन का प्रमुख
प्रतीक माना जाता है। यह पुल झील के बीच में स्थित दो पहाड़ियों को आपस में
जोड़ता है।
पुल बंद हो जाने से स्थानीय बोट टर्मिनल पर इंजन वाली
100 से ज्यादा नावें बेकार खड़ी हैं। पारंपरिक कपड़े, टेक्सटाइल और
हस्तशिल्प बेचने वाली दुकानें भी ग्राहकों के बिना सूनी हैं। कुछ
व्यापारियों का कहना है कि बिक्री लगभग शून्य हो गई है। स्थानीय बोट ओनर्स
एसोसिएशन के लीज होल्डर मोहम्मद फखरुल इस्लाम ने कहा कि यह समय उनकी
आजीविका के लिए बहुत अहम है।
उन्होंने कहा, "इस सीजन में आने वाले
पर्यटकों की वजह से हमारे परिवारों का साल भर का खर्च चलता है। लेकिन पुल
के डूबने के बाद से हमारी कमाई पूरी तरह बंद हो गई है। अगर हालात ऐसे ही
रहे, तो हमें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।" होटल मालिक मोहम्मद सुमन
मिया ने कहा कि हैंगिंग ब्रिज रंगामती आने वाले पर्यटकों के लिए मुख्य
आकर्षणों में से एक है। उन्होंने कहा, "बहुत से पर्यटक पुल देखने के लिए ही
रंगामती आते हैं। इसके डूबने के बाद से हर दिन होटल बुकिंग रग हो रही हैं।
पर्यटकों की संख्या में कमी से होटलों, मोटलों और रेस्तरां को नुकसान हो
रहा है।"
रंगामती टूरिज्म कॉर्पोरेशन के मैनेजर आलोक बिकास चकमा ने
बताया कि भारी बारिश और पहाड़ियों से बहकर आए पानी की वजह से कपताई झील का
जलस्तर बढ़ गया, जिससे पुल पानी में डूब गया। उन्होंने कहा, " पर्यटकों की
सुरक्षा के लिए हमने लाल झंडे लगा दिए हैं और बांस के बैरियर लगाकर रास्ता
बंद कर दिया है।" रंगामती जिला परिषद के चेयरमैन दीपन तालुकदार दीपू ने
बताया कि एक नए पुल के निर्माण के लिए पहले ही सर्वे किया जा चुका है।
उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि ज्यादा ऊंचाई पर एक नए, आधुनिक पुल का
निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा ।"















-1780694874595_v.webp)