लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्स पर लिखा कि प्रदेश वासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

हम सभी का राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और विकास के प्रति समर्पण हमारे लोकतंत्र को सशक्त एवं मजबूत बनाता है।

आइए, अपने अमर सेनानियों को स्मरण करने के साथ, संविधान के आदर्शों से प्रेरित होकर एक 'सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण के लिए संकल्पित हों। जय हिंद!

इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता के लिए एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने खासकर युवाओं से अपील की है। उन्होंने लिखा है "मेरे सम्मानित प्रदेश वासियों,

हमारा संविधान हमें स्वतंत्रता, समता, न्याय और बंधुता का अमूल्य उपहार प्रदान करता है। ये संवैधानिक मूल्य लोकतंत्र की आत्मा हैं।

गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर मैं विशेष रूप से प्रदेश के युवाओं से आह्वान करता हूं कि वे संविधान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का संकल्प लें।

सभी प्रदेश वासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हृदय से शुभकामनाएं।"