घुसपैठियों के वोट पर राजनीति राष्ट्रहित के खिलाफ, एसएआर का समर्थन करें सभी दल :बिंदल
शिमला । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि
घुसपैठियों के वोट के आधार पर राजनीति करना देश और लोकतंत्र दोनों के हित
में नहीं है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल
इंटेंसिव रिवीजन – एसआईआर) प्रक्रिया का समर्थन करने की अपील की है।
शिमला
में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर
का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है।
डॉ.
बिंदल ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र और संवैधानिक संस्था है, जो
समय-समय पर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधार करती रही
है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है बल्कि आज़ादी
के बाद से अलग-अलग समय पर इसे लागू किया जाता रहा है। ऐसे में इस
प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाना या अनावश्यक विवाद खड़ा करना उचित नहीं है।
उन्होंने
कहा कि भारतीय संविधान के अनुसार मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को
दिया गया है। लेकिन पिछले कई दशकों में बड़ी संख्या में ऐसे विदेशी नागरिक
देश में अवैध रूप से घुस आए हैं, जिन्होंने गलत तरीकों से अपने वोटर कार्ड
और आधार कार्ड बनवा लिए। डॉ. बिंदल का आरोप था कि ऐसे लोग अपने वोट के
जरिए चुनावी नतीजों को प्रभावित कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर
चुनौती है। उनका कहना था कि इसी समस्या के समाधान के लिए चुनाव आयोग एसआईआर
की प्रक्रिया चला रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कुछ राजनीतिक
दलों पर आरोप लगाया कि वे वोट बैंक की राजनीति के चलते इस मुद्दे पर आंख
मूंदे हुए हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देना, उनके दस्तावेज
बनवाने में मदद करना और उनके वोट के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश करना
राष्ट्रहित के खिलाफ है। डॉ. बिंदल के अनुसार अवैध रूप से रह रहे लोग देश
के संसाधनों का उपयोग करते हैं, जिससे असली भारतीय नागरिकों के अधिकार
प्रभावित होते हैं।
उन्होंने दोहराया कि भाजपा का साफ मानना है कि
केवल वैध भारतीय नागरिकों को ही मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। पार्टी किसी
भी स्थिति में अनाधिकृत लोगों को वोट देने के पक्ष में नहीं है। डॉ. बिंदल
ने आम जनता से भी अपील की कि वे एसआईआर की प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें
ताकि मतदाता सूची सही और निष्पक्ष बन सके। साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक
दलों से आग्रह किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश और देश के हित
में इस प्रक्रिया का समर्थन करें।















