चंडीगढ़ में खालिस्तानी आतंकी ने ली भाजपा मुख्यालय के बाहर धमाके की जिम्मेदारी
वायरल वीडियो में ग्रेनेड से पिन निकालते दिखा संदिग्ध
चंडीगढ़, चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार की
शाम हुए बम धमाके की जिम्मेदारी एक खालिस्तानी आतंकी ने सोशल मीडिया पर एक
पोस्ट के जरिए ली है। इस बीच चंडीगढ़ पुलिस के अलावा पंजाब पुलिस की एंटी
गैंगस्टर टास्क फोर्स, एनआईए तथा सेना के अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच
शुरू कर दी है। सेक्टर 37 स्थित भाजपा कार्यालय की तरफ जाने वाले सभी
रास्तों को सील कर दिया गया है। इसके अलावा यूटी चंडीगढ़, पंजाब के मोहाली
तथा हरियाणा के पंचकूला की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को सील करके सर्च
ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बुधवार की शाम पांच बजे के करीब सेक्टर-37
स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाका हुआ। धमाके के कारण
पार्किंग में खड़े कई वाहन तथा इमारत की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना
की सूचना मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस की कई टीमें जांच के लिए मौके पर
पहुंची। इसी दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से एक वीडियो मिला है। जिसमें
एक युवक ग्रेनेड का पिन निकालकर फैंकते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह
पंजाबी में गालियां देते हुए भाग जाता है। हमलावरों की संख्या दो होने की
आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच अभी चल रही ही रही थी कि
खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। पुलिस
ने इस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच के लिए साइबर सैल को निर्देश जारी कर दिए
हैं।
आतंकी की तरफ से लिखा गया है कि सुखजिंदर सिंह बब्बर 1
अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ सेक्टर-37 में हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी लेता
है। हम भारतीय सिस्टम को बताना चाहते हैं कि उसके पास पंजाब के सिख युवाओं
को खत्म करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। पोस्ट में लिखा है कि बैंकों
का इस्तेमाल करो। दसमेश पिता का खालसा पंथ इसकी उचित जवाबी कार्रवाई
करेगा। गुरदासपुर में रणजीत सिंह के हत्यारे को भी नहीं बख्शा जाएगा। हमारे
सिर पर दसमेश पिता का हाथ है। पंजाब की धरती खालसा की धरती है। पंजाब में
खालिस्तान बनेगा। खालिस्तान जिंदाबाद। खालसा राज करेगा।
इस बीच
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चंडीगढ़
पुलिस का ऑपरेशन सैल, सीएफएसएल की टीमें तथा एनआईए की टीमों ने मामले की
जांच शुरू कर दी है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, सेना के
अधिकारी भी सहयोग कर रहे हैं। वायरल वीडियो की जांच करवाई जा रही है। पुलिस
को कई अहम सुराग मिले हैं। इसके अलावा घटनास्थल से टीमों ने नमूने भी
एकत्र कर लिए हैं। धमाका किसने किया है और इसके पीछे क्या मंशा थी। धमाके
में कौन से विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया है। इन सब सवालों के जवाब बहुत
जल्द पुलिस देगी।















