रांची (RANCHI): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को जाजपुर स्थित माँ बिरजा मंदिर में पूजा-अर्चना की. वह सुबह भुवनेश्वर से विशेष हेलीकॉप्टर से जाजपुर पहुंची. मंदिर परिसर में स्थित नाभि गया में राष्ट्रपति ने पिंडदान भी किया. नाभि गया को पितृ कर्म से जुड़ा एक पवित्र स्थल माना जाता है. राष्ट्रपति का यह दौरा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुआ। मंदिर परिसर को पूरी तरह से बैरिकेड किया गया था और कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रपति मुर्मु बालासोर रवाना होंगी, जहां वह फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी. कार्यक्रम के उपरांत वह शाम को पुरी जाएंगी और श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगी.