रांची (RANCHI): नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाई जाती है. ऐसे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में नेताजी को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया.


उपराष्ट्रपति ने देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं दीं

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नेताजी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका निडर नेतृत्व, अदम्य साहस और भारत की स्वतंत्रता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता पराक्रम का सच्चा प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक और महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन करते हुए देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं दीं

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने किया बोस को याद

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘जय हिंद’ और “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” जैसे नारों के माध्यम से देश में क्रांति की चेतना जगाने वाले नेताजी को याद किया. उन्होंने कहा कि मातृभूमि के प्रति नेताजी का समर्पण और सांप्रदायिकता के खिलाफ उनका दृढ़ रुख आज भी प्रेरणास्रोत है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नेताजी को महान क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि उनके साहस, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व ने देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर अग्रसर किया.

त्याग और संकल्प भारतीय इतिहास में राष्ट्रगौरव का अमिट प्रतीक है:आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेताजी को भारत माता का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि आजाद हिंद फौज की स्थापना कर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी. उन्होंने प्रदेशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं दीं. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका साहस, त्याग और संकल्प भारतीय इतिहास में राष्ट्रगौरव का अमिट प्रतीक है.