प्रधानमंत्री मोदी और नड्डा आज असम, शाह केरलम एवं पुडुचेरी में करेंगे चुनाव प्रचार
नई
दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के पांच
राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम, असम और केंद्रशासित पुडुचेरी में
होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार में जोर-शोर से उतर चुकी है। भाजपा के
शीर्ष प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य सभी दिन-रात एक कर रहे
हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीयमंत्री जेपी नड्डा आज असम में
जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इनके अलावा केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री
अमित शाह आज केरलम और पुडुचेरी में प्रचार करेंगे।
भाजपा ने एक्स
हैंडल पर साझा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे
बारपेटा, दोपहर सवा एक बजे होजाई और शाम चार बजे डिब्रूगढ़ में जनसभाओं को
संबोधित करेंगे। जेपी नड्डा भी आज असम में रहेंगे। वह तिनसुकिया में दोपहर
12 बजे और अपराह्न दो बजे लखीमपुर में जनसभा के माध्यम से जनता जनार्दन के
सामने होंगे।
पार्टी नेता अमित शाह भाजपा स्थापना दिवस पर केरलम के
तिरुवनंतपुरम में सुबह 10 बजे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। यहां से वह
चुनाव प्रचार के लिए पुडुचेरी जाएंगे। पुडुचेरी में उनका रोड शो होगा।
पश्चिम
बंगाल में 294 सीटों पर दो चरणों (23 और 29 अप्रैल), तमिलनाडु की 234
सीटों के लिए 23 अप्रैल को एक चरण, केरलम में 140 सीटों पर 9 अप्रैल, असम
की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल और पुडुचेरी की 30 सीटों पर 9 अप्रैल को
मतदान होगा।
इन सभी के परिणामों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।















