गुरुग्राम में सीएम काफिले में व्यवधान पर दो डीसीपी को नोटिस, कई पुलिस कर्मी सस्पेंड
ड्यूटी में लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर का एक्शन
गुरुग्राम, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले में शुक्रवार को
व्यवधान और वीआईपी सुरक्षा में चूक के मामले में गुरुग्राम पुलिस आयुक्त ने
कड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस कमिश्नर ने मामले का गंभीरता से
संज्ञान लेते हुए लापरवाही बरतने पर दो पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) को कारण
बताओ नोटिस जारी किया है। मौके पर तैनात सिविल लाइंस थाना प्रभारी समेत
कई पुलिसकर्मियों और संबंधित जोन के सिक्योरिटी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव
से सस्पेंड कर दिया है।
इंटेलिजेंस इंचार्ज के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश
पुलिस
प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि वीआईपी सुरक्षा में हुई चूक
के लिए जिम्मेदारी तय की गई है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम और पुलिस उपायुक्त
अपराध को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
थाना प्रबंधक सिविल
लाइंस और उनके साथ ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया
है। सिक्योरिटी इंचार्ज पश्चिम को भी सस्पेंड किया गया है। इंटेलिजेंस
इंचार्ज के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
कमिश्नर बोले- सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
पुलिस
आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर
लापरवाही, समन्वय की कमी अथवा ड्यूटी में शिथिलता को गंभीरता से लिया
जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होने पर उत्तरदायित्व निर्धारित
कर नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बता दें
कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री के गुरुग्राम दौरे के दौरान कांग्रेस
कार्यकर्ताओं ने काफिले को काले झंडे दिखाए और रोकने का प्रयास किया था,
जिस पर पुलिस ने आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इसी मामले में
सुरक्षा में चूक मानते हुए यह बड़ी कार्रवाई की गई है।














