रांची (RANCHI): खूंटी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने संभावित जलजमाव, बाढ़, तेज हवाओं और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की सुरक्षा के लिए प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने को कहा है।


आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह

उपायुक्त ने शनिवार को अपील जारी कर लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी। नदी, नाला, पुल-पुलिया, जलप्रपात, निचले इलाकों और जलजमाव वाले स्थानों से दूर रहने को कहा गया है। उन्होंने विशेष रूप से जलमग्न सड़कों पर वाहन नहीं चलाने की अपील की, क्योंकि तेज बहाव, गड्ढे, मलबे और बिजली के तार खतरा पैदा कर सकते हैं। 
उन्होंने बिजली के खंभों, खुले तारों और विद्युत उपकरणों से सावधानी बरतने तथा टूटे तार मिलने पर उससे दूर रहकर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा। गीले हाथों से बिजली के उपकरण नहीं छूने की भी सलाह दी गई है। घर या बंद स्थान में जनरेटर का उपयोग नहीं करने तथा दूषित पानी से बचने के लिए स्वच्छ पानी और ताजा भोजन का सेवन करने को कहा गया।

अफवाहों से बचकर रहने की अपील

उपायुक्त ने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा अफवाहों से बचकर केवल अधिकृत स्रोतों से जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस को तत्काल सूचना दें। वहीं, सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पर्यटक स्थलों का निरीक्षण कर लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।