रांची में बारिश से मौसम हुआ सुहावना, तापमान में 06 से 07 डिग्री की गिरावट
रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश के बाद बड़ी राहत मिली। बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
राज्य में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश होने की संभावना
खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा है।
अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में, न्यूनतम तापमान लातेहार में दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो कोडरमा डीवीसी क्षेत्र में सबसे अधिक 40.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सतगांव में 39 मिलीमीटर, कोनार डीवीसी में 31 मिलीमीटर, दारू में 14.2 मिलीमीटर, रामगढ़ जिले के गोला में 11 मिलीमीटर, बरही में 10.2 मिलीमीटर और पांकी में सात मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
कई इलाकों में लोगों ने बारिश का आनंद लिया
शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ था, लेकिन दोपहर बाद अचानक काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस एवं गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में लोगों ने बारिश का आनंद भी लिया।
राज्य के विभिन्न शहरों के तापमान
राज्य के विभिन्न शहरों के तापमान की बात करें, तो रांची में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 41 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.5 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।














