राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप कोयला लदी मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से छह पैसेंजर ट्रेन रद्द, तीन शॉर्ट टर्मिनेटेड
पलामू, पलामू के रजहरा रेलवे स्टेशन के समीप अप लाइन पर कोयला लदी मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से शुक्रवार को छह ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, जबकि कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेटेड करके चलाने का निर्णय लिया गया है। इनमें ज्यादतर पैसेंजर टेªन है, जो पलामू की लाइफलाइन हैं। इस संबंध में रेलवे की ओर से गुरुवार रात जानकारी दी गई।
गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे टोरी रेलवे स्टेशन से कोयला लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन की ओर जा रही एक मालगाड़ी अनियंत्रित होकर राजहरा रेलवे स्टेशन से 1 किलोमीटर पहले पलट गई है। ऐसे में अप लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है।
युद्ध स्तर पर रेलवे ट्रैक साफ करने का कार्य चल रहा है। इस बीच रेलवे की ओर से बड़ा निर्णय लेते हुए बरकाकाना से डेहरी ऑन सोन और वाराणसी तक चलने वाली आधा दर्जन पैसेंजर ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया, जबकि तीन पैसेंजर ट्रेन को शॉर्ट टर्मिनेटेड करके चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे ट्रैक पूरी तरह से साफ होने के बाद ही रेल परिचालन बहाल करने की बात कही गई है।
इस बड़े हादसे के बाद डालटनगंज रेलवे स्टेशन से होकर यात्रा करने वाले यात्रियों में भारी निराशा है। कई यात्रियों ने अपने यात्रा के कार्यक्रम को रद्द कर दिया है, जबकि कुछ लोग रांची से और कुछ लोग डेहरी ऑन सोन से अपनी यात्रा पूरी करने को मजबूर हैं।














