झारखंड: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी नक्सली अनल दा ढेर
रांची (RANCHI): पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र स्थित सारंडा जंगल में गुरुवार हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा उर्फ पतिराम मांझी को मार गिराया गया. आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने अनल के मारे जाने की पुष्टि की. इस मुठभेड़ में अनल के साथ अन्य 11 नक्सलियों के मारे जाने की भी सूचना सामने आई.
सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि अनल दा का दस्ता बड़ी घटना की साजिश रच रहा है. इसके आधार पर कोबरा, जगुआर और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की. सुबह से शुरू हुई मुठभेड़ में जबरदस्त गोलीबारी हुई. मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें एके-47, इंसास राइफल, एसएलआर और कारतूस शामिल हैं. ग्रामीणों की मदद से शवों की पहचान की जा रही है.
एक करोड़ रुपये का इनामित था अनल दा
अनल दा झारखंड के गिरिडीह जिले का निवासी था और वर्षों से सारंडा के घने जंगलों में छिपा हुआ था. वह प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की झारखंड-बिहार स्पेशल एरिया कमेटी से जुड़ा था और संगठन की कमान संभाल रहा था. उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ में मारे गए अन्य नक्सलियों में कई महत्वपूर्ण कमांडर शामिल बताए जा रहे हैं.
नक्सली दस्ते में हड़कंप
पुलिस का कहना है कि यह ऑपरेशन अनल के दस्ते को पूरी तरह निशाना बनाने के लिए चलाया गया था, जिसमें मिसिर बेसरा जैसे अन्य बड़े नाम भी शामिल थे. हालांकि उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं है.















