धनबाद,  झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश में युवक की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को निरूद्ध

किया गया है। यह जानकारी सीटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर दी।

उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल की रात भूलन बीसीसीएल मैगजीन के पास ओबी डंप क्षेत्र में जेलगोरा निवासी मो शमीम अंसारी उर्फ गुड्डु सेठ (36) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।

जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी और उसके ही दुकान के स्टाफ मो अलबक्श अंसारी उर्फ सिद्धू के बीच अवैध संबंध थे। इसी विवाद में हत्या की साजिश रची गई। 12 अप्रैल की रात आरोपित सिद्धू ने बहाने से गुड्डु सेठ को सुनसान जगह ले जाकर पीछे से गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी सिद्धू और शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम का देशी पिस्तौल, क्षतिग्रस्त मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया है।