जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों ने निकाला आभार यात्रा, मनाई खुशी
रांची, जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच की ओर से छात्रों
ने जेपीएससी-जेएसएससी सीजीएल सहित अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित
अनियमितताओं के खिलाफ चलाए गए आंदोलन के बाद बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा
स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक आभार यात्रा निकाली गई।
इस यात्रा
में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सबों ने एक दूसरे पर
अबीर-गुलाल लगाकर और आतिशबाजी कर खुशी मनाई। आभार यात्रा के दौरान
देवेंद्रनाथ महतो सहित अन्य छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा और शहीद अल्बर्ट
एक्का की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया।
अभियान
के दौरान छात्रों ने एक पोस्टर निकाली जिसमें 45 आयोजित परीक्षाओं में 22
परीक्षाएं रद्द, 17 परीक्षाओं की जांच और छह परीक्षाओं को स्थगित करने से
संबंधित बातें लिखी हुई थी।
इस पोस्टर को लहराते हुए मंच ने इसे
झारखंड के छात्र आंदोलन की महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि भविष्य में
पेपर लीक और नौकरियों की खरीद-फरोख्त जैसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए।
छात्रों
ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की। मंच ने कहा
कि इस सफलता के पीछे दो जुलाई 2026 से 47 दिनों का संघर्ष, पांच जुलाई से
44 दिनों का आंदोलन, 25 जुलाई 2026 से 24 दिनों का सत्याग्रह और दो अगस्त
2026 से 16 दिनों की भूख हड़ताल शामिल रही।
जेपीएससी जेएसएससी
रिफॉर्म मंच की ओर से उम्मे हबीबा, रूपेश कुमार, राहुल कुमार क्रांति,
सबिता कुमारी, छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो, महेन्द्र मंडल प्रसाद सहित
अन्य छात्र भूख हड़ताल में शामिल हुए थे। मंच ने कहा कि छात्रों की एकजुटता
और लोकतांत्रिक तरीके से किए गए लंबे संघर्ष से यह सफलता मिली है। छात्रों
ने भविष्य में भी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग
दोहराई।














