राष्ट्रीय मंत्री बनने पर डॉ. प्रदीप वर्मा का रांची में जोरदार अभिनंदन, कार्यकर्ताओं में उत्साह
रांची, झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को
भाजपा की राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व दिए
जाने के बाद बुधवार को रांची आगमन पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य
एवं जोरदार स्वागत किया।
भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के
नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-नगाड़ों
एवं पुष्पमालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारों
के साथ अपने नेता का स्वागत किया।
स्वागत से अभिभूत नवनियुक्त
राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं एवं भाजपा के
राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य
कार्यकर्ता को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना
भारतीय जनता पार्टी की उस कार्यसंस्कृति का प्रमाण है, जहां कार्यकर्ता की
निष्ठा, परिश्रम और समर्पण का सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने
जो विश्वास उन पर जताया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
डॉ.
वर्मा ने कहा कि “भाजपा मेरे लिए केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक
विचार और परिवार है। संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसमें अपना हर पल
पार्टी और संगठन को मजबूत करने में लगाऊंगा। झारखंड के कार्यकर्ताओं की
आवाज और आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर तक मजबूती से पहुंचाना भी मेरी
प्राथमिकता होगी।
राष्ट्रीय मंत्री ने झारखंड की वर्तमान राजनीतिक
परिस्थितियों को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा
कि झारखंड में भ्रष्टाचार और घोटालों का बोलबाला है। राज्य की जनता
बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
उन्होंने कहा कि जिस राज्य में नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के
भविष्य का आधार होती हैं। जेपीएससी , जेएसएससी- सीजीएल सहित विभिन्न
प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और अनियमितता सामने आना बेहद गंभीर विषय
है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि “झारखंड के नौजवान वर्षों तक मेहनत करके
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उनके माता-पिता अपनी जमा-पूंजी
लगाकर बच्चों को पढ़ाते हैं। लेकिन जब परीक्षा में गड़बड़ी होती है,
परीक्षा रद्द होती है या पूरी प्रक्रिया सवालों के घेरे में आती है, तो
केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, बल्कि हजारों युवाओं के वर्षों की
मेहनत, समय और सपने बर्बाद होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत
सोरेन सरकार की कार्यप्रणाली से राज्य के युवाओं में लगातार निराशा बढ़ रही
है। छात्र और युवा अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर
हैं। सरकार को युवाओं की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना
चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार यदि अपनी नीयत और व्यवस्था को लेकर
पूरी तरह साफ है तो जांच से डर कैसा? रद्द की गई सभी विवादित प्रतियोगी
परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए, ताकि दूध का दूध और पानी
का पानी हो सके। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ
कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और निर्दोष अभ्यर्थियों के साथ न्याय होना चाहिए।
डॉ.
वर्मा ने कहा कि भाजपा झारखंड के युवाओं के साथ खड़ी है और उनके अधिकार,
सम्मान एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए लोकतांत्रिक तरीके से हर संघर्ष को
मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी
भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का
आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना है तथा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन
तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की
सबसे बड़ी ताकत है और सामूहिक प्रयास से झारखंड में सुशासन, पारदर्शिता और
विकास की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष वरुण साहू
ने कहा कि डॉ. प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
मिलना केवल उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड भाजपा परिवार के लिए गौरव
का विषय है। राष्ट्रीय टीम में झारखंड को प्रतिनिधित्व मिलने से राज्य के
लाखों कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। कार्यकर्ताओं
ने विश्वास जताया कि डॉ. वर्मा अपने संगठनात्मक अनुभव एवं सक्रिय कार्यशैली
से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका
निभाएंगे।
स्वागत करने वालों में रांची की महापौर रौशनी खलखो,उप
महापौर नीरज कुमार,प्रदेश मंत्री अमित कुमार, रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष
विनय महतो, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर , अजय
राय, के के गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू सहित अन्य शामिल थे।












