पलामू के जंगल में महुआ चुनने गए बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या
पलामू, पलामू जिले के पांकी प्रखंड स्थित माड़न पंचायत के केरकी गांव के जंगल में रविवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान केरकी गांव निवासी राजदेव पासवान के रूप में हुई है। राजदेव अपनी पत्नी के साथ सुबह महुआ चुनने जंगल गए थे। सुबह करीब सात बजे उनकी पत्नी नाश्ता लाने के लिए घर लौट गई थीं। जब वह वापस जंगल पहुंचीं, तो देखा कि उनके पति को गोली मारी गई है और वह मौके पर ही मृत पड़े हैं।
पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
इधर, पलामू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनोज कुमार झा भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर मामले की तहकीकात की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी मौके पर पहुंचे। मुखिया प्रतिनिधि रफीक अंसारी, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी और समाजसेवी मंटू शर्मा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।














