कोडरमा: फर्नीचर गोदाम में आग लगी, लाखों का सामान जलकर राख
रांची (RANCHI): कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा के अंबाकोला रोड स्थित एक फर्नीचर के गोदाम में मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लग गई. इससे गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया. जानकारी के अनुसार यह गोदाम करमा के रहने वाले जफीर अंसारी का है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे एक शॉर्ट सर्किट होने जैसा कुछ सुनाई पड़ा और तेज रोशनी हुई. लोगों ने उठकर देखा तो पाया कि जफीर अंसारी के गोदाम में आग लग लगी थी. इसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना जफीर अंसारी को दी.
11 हजार वोल्टेज का हाई टेंशन तार की वजह से आग लगने की आशंका
इधर स्थानीय मुखिया पति अनिल यादव ने बताया कि जहां पर जफीर अंसारी का मकान बना है, उसके ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्टेज का हाई टेंशन तार गुजरा हुआ है. उन्होंने कहा कि कई बार इस संबंध में बिजली विभाग को लिखित सूचना दी गई और उस तार को मकान के बगल से शिफ्ट करने को कहा गया. बावजूद इसके बिजली विभाग ने कोई भी पहल नहीं की जिसका खामियाजा आज जफीर अंसारी को भुगतना पड़ा. वहीं कुछ स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हाई टेंशन तार पहले से ही वहां से गुजरा है, जबकि मकान का निर्माण बाद में किया गया है.
कोडरमा की पुरानी समस्या
बता दें कि कोडरमा जिले में कई जगह पर इस प्रकार से हाई टेंशन तार गुजरने वाले स्थान पर लोग बिना किसी डर के मकान व दुकान का निर्माण कर लेते हैं. इस वजह से लोगों को भविष्य में इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है.













