फिल्म आर्यभट्ट का जीरो का टीजर रिलीज
अभिनेता
हिमांश कोहली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आर्यभट्ट का जीरो' का टीजर रिलीज हो
गया है। करीब एक मिनट 10 सेकंड का यह टीजर एक ऐसे युवा की कहानी पेश करता
है, जो प्यार में मिली बेवफाई, पारिवारिक दबाव, असफलताओं और समाज की
उपेक्षा के बीच अपनी पहचान और सम्मान हासिल करने के लिए संघर्ष करता है।
टीजर
की शुरुआत एक टीवी न्यूज बुलेटिन से होती है, जिसमें कहा जाता है कि प्यार
में धोखा खाने वाला एक युवक आईएएस अधिकारी बन जाता है। इसके बाद हिमांश का
किरदार अपने माता-पिता से आईएएस बनने का सपना शेयर करता है, लेकिन उसे
परिवार का विरोध झेलना पड़ता है।
टीजर में अभिनेता रवि किशन अपने
खास अंदाज में जीवन के अनुभव शेयर करते नजर आते हैं। उनके संवाद कहानी में
भावनात्मक और प्रेरणादायक रंग भरते हैं। वहीं हिमांश का संवाद, "बहुत जी
लिया गरीबों की तरह... अब मुझे सम्मान चाहिए," फिल्म के मूल संदेश को सामने
लाता है। टीजर में एक्शन, इमोशनल और रोमांटिक दृश्यों के साथ बैकग्राउंड
में सुनाई देने वाला गीत 'दिल फर्जी' भी आकर्षित करता है।
फिल्म में
हिमांश कोहली ब्रह्मगुप्त श्रीवास्तव उर्फ 'बग्गू' की भूमिका निभा रहे
हैं, जो एक मध्यमवर्गीय युवक है और परिस्थितियों से लड़ते हुए आत्मविश्वास
तथा सफलता की ओर बढ़ता है। हिमांश का कहना है कि यह किरदार आज की युवा
पीढ़ी खुद से जोड़ पाएगी। फिल्म में सोनाली सहगल, दर्शना बानिक, रवि किशन,
नरेश वोहरा, अलका अमीन, नीरज सूद और शिल्पा शिंदे भी अहम भूमिकाओं में हैं।
कमल चंद्रा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज
होगी।















