राजा शिवाजी का टीजर रिलीज, रितेश देशमुख का जलवा
अभिनेता
रितेश देशमुख की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म 'राजा शिवाजी' का टीजर
आखिरकार रिलीज हो गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
टीजर
में रितेश, छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार में बेहद प्रभावशाली और दमदार
नजर आ रहे हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन, जेनेलिया डिसूजा, विद्या बालन,
फरदीन खान और बोमन ईरानी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
वहीं संजय दत्त मुगल सेनापति अफजल खान के किरदार में दिखाई दे रहे हैं।
टीजर
की शुरुआत संजय दत्त की दमदार आवाज से होती है, जिसमें वह कहते हैं, "नाम
के आगे राजा लगाने से कोई राजा नहीं बनता है।" इसके बाद मराठाओं और मुगलों
के बीच भीषण युद्ध के दृश्य देखने को मिलते हैं, जो फिल्म के भव्य स्तर और
एक्शन को दर्शाते हैं। टीजर में अभिषेक बच्चन संभाजी शाहजी भोसले के किरदार
में नजर आते हैं, जबकि विद्या बालन भी अपने किरदार से खास प्रभाव छोड़ती
दिखती हैं।
हालांकि, टीजर देखने के बाद कुछ दर्शकों ने इसकी तुलना
छावा से भी की है। सोशल मीडिया पर यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे
हैं, जहां कुछ लोग रितेश के इस अवतार की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ का
मानना है कि विक्की कौशल की 'छावा' को टक्कर देना आसान नहीं होगा। फिर भी,
मराठी पृष्ठभूमि से आने वाले रितेश देशमुख को इस ऐतिहासिक किरदार में देखने
के लिए दर्शक उत्साहित हैं।
खास बात यह है कि 'राजा शिवाजी' का
निर्देशन भी खुद रितेश देशमुख ने किया है। यह फिल्म 1 मई 2026 को हिंदी,
मराठी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। भव्य स्केल और
दमदार स्टारकास्ट के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई
हैं।















