बरेली, बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में 14 जनवरी को हुई राहुल सागर की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। नामजद आरोपियों भीमा और आकाश ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आकाश ठाकुर संजय नगर के आम के बाग के पास का रहने वाला है, जबकि भीमा पुत्र चंद्रशेखर शर्मा रामगंगा नगर कॉलोनी, बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ विशेष टीम गठित की गई है।

इस मामले का मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर लकी लभेड़ा पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। 22 जनवरी की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार किया गया, जिसमें उसके दोनों पैर में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई थी। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 जनवरी को डोहरा रोड पर राहुल सागर शराब पार्टी कर रहे दबंगों से उधार के पैसे मांगने पहुंचे थे, इसी दौरान विवाद के बाद उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल राहुल की 21 जनवरी को मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमॉर्टम हाउस पर प्रदर्शन और रोड जाम किया था। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।