हाथरस में सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे की गोली मारकर हत्या, दो घंटे तक घायल अवस्था में कार में घुमाते रहे आरोपित
हाथरस, उत्तर प्रदेश हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के गांव दयालपुर में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़ जनपद के इगलास क्षेत्र के असरोई गांव के निवासी थे। वह वर्तमान में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दयालपुर क्षेत्र में रहकर हार्डवेयर का व्यवसाय कर रहे थे।
शनिवार शाम पड़ोस का एक युवक अपने तीन साथियों के साथ कार से सुनील के घर पहुंचा और उन्हें अपने साथ ले गया। रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद सुनील को गोली मार दी गई। परिजनों के अनुसार गोली लगने के बाद आरोपित घायल सुनील को अस्पताल ले जाने के बजाय घायल अवस्था में करीब दो घंटे तक कार में लेकर इधर-उधर घूमते रहे।
मृतक के पिता जयवीर सिंह ने आरोप लगाया है कि आरोपिताें और सुनील के बीच पैसों का लेन-देन था और इसी विवाद के चलते हत्या की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी मुरसान जे.एन. अस्थाना ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।















