रांची (RANCHI): पूर्वी सिंहभूम के जुगसलाई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. थाना क्षेत्र अंतर्गत खरकई रेलवे ब्रिज के समीप छापेमारी कर कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया.  पुलिस ने दोनों आरोपिताें को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.


मनीष सिंह गिरोह के छह-सात सदस्य अब भी सक्रिय 

शनिवार को गिरफ्तार आरोपित की जानकारी देते हुए जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई एवं आसपास के क्षेत्रों में मनीष सिंह गिरोह के छह-सात सदस्य सक्रिय हैं और व्यवसायियों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.

लोहे का बना देशी कट्टा, चार जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद

पुलिस टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई रेलवे ब्रिज के समीप कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को धर दबोचा. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक लोहे का बना देशी कट्टा, चार जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.

गिरफ्तार आरोपी 

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान रौशन सिंह (28) और दीपक सिंह (30) के रूप में हुई है. दोनों जुगसलाई गौशाला नाला रोड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों संगठित रूप से रंगदारी वसूली की योजना बना रहे थे.

आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रौशन सिंह के खिलाफ पूर्व में भी जुगसलाई थाना में जबरन वसूली का मामला दर्ज है. वहीं दीपक सिंह के विरुद्ध तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें जुगसलाई थाना में वर्ष 2022 में मारपीट एवं जानलेवा हमला से संबंधित धाराएं और सोनारी थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं.