बिना खरीद-बिक्री के करोड़ों का कारोबार दिखाकर की जीएसटी चोरी, केस दर्ज
मुरादाबाद, मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में जीएसटी
फ्रॉड का एक और मामला सामने आया है। आजाद नगर संभल रोड स्थित हैंडीक्राफ्टस
एक्सपोर्ट फर्म ने बिना वास्तविक खरीद-बिकी किए करोड़ों का कारोबार दिखाकर
आईटीसी क्लेम कर जीएसटी चोरी कर ली। जीएसटी, अर्थदंड और ब्याज समेत उसके
ऊपर 15.70 करोड़ की देनदारी तय हुई है, जिसका भुगतान नहीं किया। मामले में
राज्य कर खंड-4 के उपायुक्त ने मझोला थाने में फर्म मालिक के खिलाफ केस
दर्ज कराया है।
राज्य कर खंड-4 के उपायुक्त ने मझोला थाने में धीमरी निवासी
मुजीब पाशा के खिलाफ जीएसटी चोरी का केस दर्ज कराया है। दर्ज रिपोर्ट में
उपायुक्त ने बताया कि मुजीब पाशा मझोला के संभल रोड आजाद नगर स्थित एमएस
एसएल इंपैक्स फर्म मालिक हैं।
मुजीब पाशा ने इंडियन हैंडीक्राफ्ट्स
के कारोबार के लिए 1 जलाई 2017 को जीएसटी पंजीकरण कराया था। फर्म ने साल
2018-19 में आपूर्तिकर्ताओं से खरहद दकखोर 2 करोड़ 96 लाख 35 हजार 711 रुपये
का इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया। इसके अलावा 12 करोड़ 13 लाख 23 हजार
500 रुपये की आउटवर्ड आपूर्ति (एक्सपोर्ट) दिखाते हुए 2 करोड़ 18 लाख 47
हजार 20 रुपये का कर दायित्व स्वीकार किया।
जिसके बाद उप्र माल एवं सेवा कर
(जीएसटी) अधिनियम की धारा 73 के तहत 18 दिसंबर 2023 को फर्म के मालिक
मुजीब पाशा को नोटिस जारी किया गया, लेकिन उसका कोई जवाब नहीं मिला।
उपायुक्त राज्यकर खंड-1 ने आदेश पारित करते हुए जीएसटी, ब्याज और अर्थदंड
समेत कुल 15 करोड़ 70 लाख 5 हजार 728 रुपये की देनदारी फर्म मालिक मुजीब
पाशा पर तय की। जिसमें से एक भी रुपये नहीं जमा किया गया।
उपायुक्त खंड-4
ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में दावा किया कि मुजीब पाशा ने धोखाधड़ी और
जालसाजी करते हुए बिना वास्तविक खरीद-बिक्री किए कागजों में ही कारोबार
दिखाया और आईटीसी क्लेम किया। यह सब कुछ जीएसटी चोरी के उद्देश्य से किया
गया।
पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह ने सोमवार को
बताया कि मामले में आज राज्य कर उपायुक्त की तहरीर पर मझोला थाने में
आरोपित फर्म मालिक मुजीब पाशा के खिलाफ धोखाधड़ी और जीएसटी चोरी का केस दर्ज
किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की
जाएगी।