युवती से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
रांची, लालपुर थाना क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म का
मामला सोमवार को प्रकाश में आया है। खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर
दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता को अस्पताल में एडमिट किया गया है।
मामले में लालपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस जांच में
जुट गई है। मामले में पीड़िता की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई कि वह
दोस्त के जन्मदिन पार्टी में गई थी। इसी दौरान उसे नशीला पिज्जा खिलाकर
फायदा उठाया गया। युवती की दोस्त के ब्वॉयफ्रेंड के दोस्त ने उसके साथ
दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित दानिश
को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि करीब 25 साल की पीड़िता
जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में रहकर पढ़ाई कर रही है। पीड़िता ने
पुलिस को दिए फर्दबयान में बताया कि 9 अप्रैल को उसका दोस्त ओली
विश्वकर्मा उसे गोकुल वाटिका स्थित एक फ्लैट में आयोजित जन्मदिन पार्टी में
बुलाया था। पीड़िता के अनुसार, उसे कहा गया था कि पार्टी में कई लड़कियां
भी मौजूद रहेंगी, लेकिन जब वह वहां पहुंची तो देखा कि फ्लैट में कुछ युवक
पहले से मौजूद थे। इससे वह असहज हो गई और वहां से लौटना चाहती थी, लेकिन
दोस्तों ने भरोसा दिलाकर उसे रोक लिया।
पीड़िता ने बताया कि रात
करीब 8 बजे केक काटने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब होने लगी। इसी दौरान
आरोपी दानिश ने उसे पिज्जा दिया। पिज्जा खाने के बाद उसे नशा जैसा महसूस
हुआ और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। युवती किसी तरह खुद को संभालते हुए
आराम करने के लिए एक कमरे में गई, लेकिन आरोप है कि उसी समय दानिश भी वहां
पहुंचा और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया।
पीड़िता का आरोप है
कि नशे की हालत का फायदा उठाकर दानिश ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि सुबह जब उसे होश आया तो वह खून से लथपथ थी और बेहद
कमजोर महसूस कर रही थी। घटना के बाद उसने अपने दोस्त को जानकारी दी, जिसके
बाद उसे हॉस्टल पहुंचाया गया।
पीड़िता की तबीयत लगातार बिगड़ती रही।
इसके बाद 11 अप्रैल को उसे ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता
ने बताया कि सहेली के कहने पर उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर
लालपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया।
पुलिस
ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। मुख्य
आरोपित दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार वह पश्चिम बंगाल
भागने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते उसे पकड़ लिया गया। पुलिस मामले
की गहन जांच पड़ताल कर रही है।














