कुल्लू,  स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पिछले 10 दिनों में एसटीएफ द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत 9 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है।

ताजा मामला शुक्रवार बीती रात का है, जब एसटीएफ कुल्लू की टीम मंडी के बगला क्षेत्र में फोरलेन के पास नाका लगाए हुए थी। इस दौरान टीम ने एचआरटीसी बस नंबर HP 42-3331 को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान बस की सीट नंबर 19 पर बैठा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया।

संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रवि कुमार (40) पुत्र ज्ञान चंद निवासी हाउस नंबर 9415/2, बस्ती जोधेवाल, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।

एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बल्ह, मंडी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच थाना बल्ह, मंडी द्वारा की जा रही है।