शिमला, शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त पर गैर इरादतन हत्या और सबूतों को छिपाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

शुरुआती तौर पर युवक की मौत चिट्टे के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। मामले के अनुसार देनवाड़ी गांव के रहने वाले मुकेश चौहान 22 जनवरी को अपने दोस्त रोहित राठौर के साथ थे। रोहित राठौर डोडरा-क्वार तहसील का निवासी है और उसका घर संधासु रोड पर स्थित है।

बताया जा रहा है कि दोनों उसी घर पर रुके हुए थे और इस दौरान उन्होंने चिट्टा यानी हेरोइन का सेवन किया। अगली सुबह जब मुकेश चौहान नहीं जागा तो उसे मृत मान लिया गया। मामले में आरोप है कि इसके बाद रोहित राठौर ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी।

शिकायत में कहा गया है कि उसने मुकेश चौहान के शव को अपनी गाड़ी नंबर HP-10A-1570 में रखा और अपने घर से करीब नौ किलोमीटर दूर धमवाड़ी क्षेत्र में ले जाकर सड़क किनारे छोड़ दिया, जिससे मामला सामने न आ सके। कुछ समय बाद घटना की जानकारी मृतक के परिजनों तक पहुंची। इसके बाद मुकेश चौहान के भाई अरुण चौहान, निवासी गांव देनवाड़ी, डाकघर खब्बल, तहसील चिड़गांव ने पुलिस थाना चिड़गांव में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 238 और 239 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच स्वयं थाना प्रभारी चिड़गांव कर रहे हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।