एचआरटीसी बस में यात्री से चरस की बड़ी खेप बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शिमला, हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे
अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एचआरटीसी बस
में सफर कर रहे एक यात्री के पास से भारी मात्रा में चरस बरामद कर उसे
गिरफ्तार किया है। यह बरामदगी हाल के समय में हुई बड़ी पकड़ में से एक मानी
जा रही है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पुलिस थाना कुमारसैन की
टीम विशेष सेल शिमला के साथ सैंज चौक के पास एनएच-305 लूहरी सड़क पर गश्त
और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना के आधार पर कुल्लू से
बागा सराहन जा रही एचआरटीसी बस (नंबर HP66A-5181) को जांच के लिए रोका गया।
बस में मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान पंकज कुमार (30) निवासी तहसील
पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के
पिट्ठू बैग से 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक यह
मात्रा एनडीपीएस एक्ट के तहत वाणिज्यिक श्रेणी में आती है, जो गंभीर अपराध
है और इसके लिए सख्त सजा का प्रावधान है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह
ने शनिवार को बताया कि इस मामले में पुलिस थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट
की धारा 20 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे
अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे जांच जारी है।
एसएसपी का
कहना है कि शिमला जिला में इस साल अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 108 मामले
दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 229 तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ
ही 19 बड़े अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय नेटवर्कों को भी तोड़ा गया है,
जिससे युवाओं तक नशे की आपूर्ति रोकने में मदद मिली है।















