जानलेवा हमले के मामले में 24 घंटे के अंदर दो आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल
मुरादाबाद, मुरादाबाद महानगर के थाना मुगलपुरा पुलिस ने जानलेवा
हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर दो आरोपितों को
गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से घटना में
इस्तेमाल किए गए तमंचे और कारतूस भी बरामद किए। आज देर शाम पकड़े गए
आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जिला कारागार भेज
दिया गया।
थाना मुगलपुरा प्रभारी निरीक्षक केके राणा ने गुरुवार
काे बताया कि 15 जुलाई को हमसफर शादी हाल के पास रहने वाले अधिवक्ता हसीब
अली ने अपने भतीजे अयान अली के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की नीयत
से तमंचे से फायर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
जांच के
दौरान आरोपितों की पहचान समीर निवासी बगिया वाली गली बरवालान व अदनान
निवासी मोहल्ला पचपेड़ा थाना कटघर के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस ने
दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी समीर के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, एक
खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जबकि अदनान के पास से 315 बोर का
तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला है।















