डिलीवरी ब्वाय के खाते से 130 करोड़ का खेल: दो शातिर गिरफ्तार, म्यूल अकाउंट नेटवर्क की जांच तेज
कानपुर, बेकनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डिलीवरी ब्वाय के बैंक
खाते से 130 करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने
धर दबोचा है। पुलिस आरोपितों के पास से मिले म्यूल अकाउंट (वह बैंक खाता
जिसका उपयोग ठगी की रकम को घुमाने या छिपाने के लिए किया जाता है) खातों की
संख्या व उनके नेटवर्क की जांच कर रही है। शातिरों ने उत्तर प्रदेश के
अलावा दिल्ली की करीब डेढ़ दर्जन कंपनियों से लेनदेन किया है।
पुलिस
उपायुक्त मध्य आशीष कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि बेकनगंज इलाके
में रहने वाला ओवैस नाम का व्यक्ति एक निजी कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम
करता है। उसने बताया कि कुछ समय पहले राशन का काम भी करता था। इसके लिए
उसने एक करंट अकाउंट खुलवाया था। हालांकि घाटा होने की वजह से उसने व्यापार
बंद कर दिया था। इसी बीच उसकी मुलाकात चमनगंज निवासी मोहम्मद वसीउद्दीन
उर्फ सरताज और बेकमगंज निवासी मोहम्मद ओमान से हुई। उन्होंने बताया विदेश
में रहने वाले भाई से खाते में पैसा मंगवाने की बात कही। इसके बाद दोनों ने
उसका एटीएम पासबुक ले लिया और कहा कि तुम्हें प्रति महीना बीस हजार रुपये
कमीशन देंगे। इस पर वह राजी हो गया।
इस तरह शातिरों ने ओवैस के बैंक
खाते में नौ महीने के भीतर 35 करोड़ रुपये का लेन देन किया। जब पीड़ित को
इसकी जानकारी हुई तो वह बैंक पहुंचा उसने स्टेटमेंट निकलवाया। तो उसे मालूम
पड़ा कि पिछले नौ महीने में 35 नहीं बल्कि उसके खाते से 135 करोड़ रुपए का
लेनदेन किया गया है। जानकारी होने पर उसने तुरंत ही पुलिस को सूचित किया।
पुलिस
ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। शातिरों के
पास से एक लैपटॉप, रुपए गिरने की मशीन, छह मोबाइल, 28 चेकबुक, 19 एटीएम
कार्ड इसके अलावा 39 हस्ताक्षर की हुई चेक भी बरामद की है। पुलिस ने दोनों
को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।















