नई दिल्ली,  अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बनी सहमति से उत्साहित घरेलू शेयर बाजार ने आज जोरदार मजबूती हासिल कर ली। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक डेढ़ प्रतिशत से अधिक की तेजी हासिल करने में सफल रहे। हालांकि बाद में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इन दोनों सूचकांकों की बढ़त घट गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.98 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, आईटी, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, टेक और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर फार्मास्यूटिकल और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 470.46 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 461.45 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 9.01 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,615 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,086 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,323 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 206 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,041 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,294 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 747 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर बढ़त के साथ और आठ शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,197.32 अंक की मजबूती के साथ 76,725.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक सुबह 11 बजे के करीब 1,293.12 अंक की तेजी के साथ 76,821.07 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में गिरावट आने लगी। मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली की वजह से यह सूचकांक आज का कारोबार खत्म से कुछ देर पहले टूट कर 76,140.44 अंक तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 736.38 अंक की बढ़त के साथ 76,264.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 361.95 अंक की छलांग लगा कर 23,984.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे में ही यह सूचकांक 388.50 अंक की बढ़त के साथ 24,011.40 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद दोपहर 12 बजे तक मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। दिन के दूसरे सत्र में बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही मुनाफा वसूली की वजह से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 193.60 अंक फिसल कर 23,817.80 अंक तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 231 अंक की मजबूती के साथ 23,853.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड 5.29 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 4.79 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 4.65 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 4.27 प्रतिशत और इंटरग्लोब एवियशन 3.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एनटीपीसी 1.64 प्रतिशत, बजाज ऑटो 1.19 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.04 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.98 प्रतिशत और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।