गोयल 200 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान के लिए रवाना
भारत-जापान व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए 4 दिवसीय दौरा
नई
दिल्ली/टोक्यो, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री
पीयूष गोयल 24 अगस्त से जापान की 4 दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं। गोयल
व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ
जापान जा रहे हैं। इस यात्रा में 200 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का वे
नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश
संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा होगी।
वाणिज्य एवं
उद्योग मंत्रालय ने रविवार को जारी एक बयान में बताया कि केंद्रीय वाणिज्य
मंत्री टोक्यो में भारत के विकास में लंबे समय से भागीदार रहे प्रमुख
जापानी समूहों और औद्योगिक घरानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ कई बैठकें
करेंगे। इसके साथ ही, वे 1,500 से अधिक अग्रणी जापानी कंपनियों का
प्रतिनिधित्व करने वाली सर्वोच्च संस्था, कीडानरेन (जापान बिजनेस फेडरेशन)
के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
वाणिज्य मंत्री
कार्यालय ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग
मंत्री पीयूष गोयल 24 से 27 अगस्त, 2026 तक जापान के दौरे पर हैं। वे जापान
जाने वाले भारत के अबतक के सबसे बड़े बिजनेस डेलिगेशन (व्यापारिक
प्रतिनिधिमंडल) का नेतृत्व कर रहे हैं।
वे दोनों देशों के बीच
व्यापार और निवेश के रिश्तों को और मजबूत करने के लिए टोक्यो, नागोया और
ओसाका में जापान की कई बड़ी कंपनियों और बिज़नेस हाउस के प्रतिनिधियों के
साथ बैठकें करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के साथ जा रहे 200 से ज्यादा
सदस्यों वाले इस बिजनेस डेलिगेशन में मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, क्लीन
एनर्जी, स्टील, ऑटोमोटिव, फाइनेंशियल सर्विस, हेल्थकेयर और स्टार्टअप जैसे
क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि जापान ने पिछले
वर्ष भारत में एक दशक के दौरान 10 लाख करोड़ येन (करीब 60,000 करोड़
रुपये) के निवेश का लक्ष्य तय किया था। ऐसे में गोयल की यात्रा को
महत्वपूर्ण माना जा रहा है।














