केंद्रीय कर्मचारियों के लिए वेतन खाता पैकेज संबंधी सुविधा शिविर का उद्घाटन
नई दिल्ली, वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के सचिव एम. नागराजू और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए वेतन खाता पैकेज संबंधी सुविधा शिविर का उद्घाटन किया। इस मौके पर डीएफएस और अन्य सहभागी बैंकों के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए वेतन खाता पैकेज पहल के तहत पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने 17 फरवरी को नई दिल्ली स्थित वित्तीय सेवा विभाग के जीवन दीप भवन परिसर में एक सुविधा शिविर का आयोजन किया था। इसका उद्घाटन वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू और पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएफएस सचिव एम. नागराजू ने कहा कि यह पहल केंद्र सरकार के कर्मचारियों तक वित्तीय सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने एकीकृत बैंकिंग समाधान विकसित करने में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के समन्वित प्रयासों की सराहना की तथा इन शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लेने और अनुकूलित वेतन खाता पैकेज का लाभ उठाने का आग्रह किया।
वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने 14 जनवरी को सभी 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के सहयोग से 'केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए वेतन खाता पैकेज' का शुभारंभ किया था। इस पहल का उद्देश्य केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बेहतर वित्तीय सुरक्षा, बेहतर सेवा प्रदायगी तथा अधिक बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराना है। यह पैकेज तीन प्रमुख घटकों– बैंकिंग, बीमा और कार्ड-को समाहित करते हुए एक ही स्थान पर कर्मचारियों को सभी वित्तीय समाधान प्रदान करता है।















