1.40 करोड़ की हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 698.5 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन, तीन मोबाइल फोन और 22,400 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि 14-15 जून की रात पश्चिम बंगाल से हेरोइन की एक बड़ी खेप किशनगंज पहुंचने वाली है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के रामपुर चेक पोस्ट के पास निगरानी शुरू की।
अहले सुबह एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान, बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक तथा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की जांच की जा रही है।
पुलिस ने संकेत दिया है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस संबंध में किशनगंज थाना कांड संख्या 634/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।















