254.6 ग्राम स्मैक के साथ चार युवक गिरफ्तार
सीवान, पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा के निर्देश पर महादेवा थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 254.6 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चार मोबाइल, एक मोटरसाइकिल तथा 4550 रुपये नकद भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे महादेवा थाना को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के बिन्दुसार गांव स्थित घुड़दौड़ रोड के समीप कुछ युवक अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही महादेवा थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नई बस्ती निवासी भानु प्रकाश पाण्डेय, गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र निवासी प्रमोद कुमार पंडित तथा मांझागढ़ थाना क्षेत्र के लहादपुर निवासी राहुल कुमार एवं प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान चारों के पास से कुल 254.6 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 4550 रुपये नकद जब्त किए गए।
इस संबंध में महादेवा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है।
छापेमारी दल में महादेवा थानाध्यक्ष पु.अ.नि. विनित विनायक एवं जिला आसूचना इकाई, सीवान की टीम शामिल रही।















