सीवान, बारिश की फुहार भी देशभक्ति के जज्बे को नहीं रोक सकी। शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर विद्या भारती के तत्वावधान में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत सीवान शहर में ढाई दर्जन से अधिक स्थानों पर राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। पूर्वाह्न 11 बजे विभिन्न स्थानों पर एक साथ लोगों ने राष्ट्रगीत का गायन कर राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया।

सुबह से ही मौसम खराब रहने और बारिश होने के बावजूद कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। निर्धारित समय पर अलग-अलग आयोजन स्थलों पर जैसे ही ‘वन्दे मातरम्’ का स्वर गूंजा, पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कई स्थानों पर बारिश के बीच भी लोग कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। विद्या भारती, बिहार के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. शरद चौधरी ने कहा कि ‘वन्दे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और एकता का भाव जगाने वाला स्वर है। बारिश के बावजूद जिस उत्साह के साथ विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने इसमें भाग लिया, वह समाज की राष्ट्रभावना को दर्शाता है। ‘नमामि भारतम्’ जैसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व से जोड़ने का माध्यम हैं।

प्रोफेसर रविंद्र नाथ पाठक ने कहा कि देशभर में एक ही समय पर करोड़ों लोगों द्वारा ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन अपने आप में एक ऐतिहासिक अवसर है। सीवान में भी प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता यह बताती है कि राष्ट्रभावना के सामने मौसम की बाधा भी छोटी पड़ जाती है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।

विद्या भारती, बिहार के मीडिया समन्वयक नवीन सिंह परमार ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से देशभर में एक ही समय पर राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भारतीय सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सीवान शहर में भी कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहा और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता हुई।

शहर के महावीरी विद्यालय परिसरों, सीवान रेलवे स्टेशन, महादेवा शिव मंदिर, वीएमएच हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज के खेल मैदान, राजेंद्र स्टेडियम स्थित पंच मंदिर, अस्पताल रोड स्थित बिंदुसार शिव मंदिर, गोपालगंज बाईपास स्थित ज्ञात कुंज पब्लिक स्कूल, हरदिया मोड़ शिव मंदिर, लखराव स्थित शिशु ज्ञान मंदिर, रामनगर शिव मंदिर और होटल सफायर इन सहित विभिन्न स्थानों पर सामूहिक गायन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महावीरी विद्यालयों के विद्यार्थियों के अलावा अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक और शहर के प्रबुद्ध नागरिक भी शामिल हुए। सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बारिश के बावजूद लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया। सामूहिक रूप से गूंजे ‘वन्दे मातरम्’ के स्वर ने सीवान में देशभक्ति का माहौल पैदा कर दिया।