मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, हथियार बनाते एक गिरफ्तार, छह निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार सहित उपकरण बरामद
डेहरी
आन सोन, रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के डिहरा
गांव में पुलिस ने छापेमारी कर बुधवार को मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया
है।
पुलिस ने मौके से हथियार बनाते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया
है। उसके घर से छह निर्मित व अर्धनिर्मित देसी हथियार, हथियार निर्माण में
प्रयुक्त होने वाले उपकरण व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। छापेमारी के
दौरान एक अन्य व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर मौके से भाग निकला। एसपी रौशन
कुमार ने यह जानकारी दी l
उन्होने बताया कि सूचना मिली कि डिहरा
गांव में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना के
सत्यापन के बाद प्रभारी सदर डीएसपी एक गौरव कुमार के नेतृत्व में शिवसागर
थानाध्यक्ष, जिला एसटीएफ व तकनीकी शाखा की टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम के पहुंचते ही एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि मौके पर हथियार बना
रहे नागेंद्र शर्मा उर्फ नन्हक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार
आरोपित के घर की तलाशी लेने पर एक देसी राइफल का बट व बैरल, अर्धनिर्मित
देसी कट्टे, लोहे के बैरल समेत कुल छह निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार बरामद
किए गए। इसके अलावा हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाले लोहे के विभिन्न
पुर्जे, बट, पिन, ट्रिगर, पिस्टल की बॉडी तथा मशीन व अन्य उपकरण भी बरामद
किए गए हैं।
पूछताछ में पुलिस को आरोपित ने बताया कि वह कथित रूप से
कई वर्षों से हथियार बनाने का काम कर रहा था। तैयार हथियारों को मांग के
अनुसार बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस फरार आरोपित की पहचान और उसकी
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इस मामले में शिवसागर थाना
में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक
हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद हथियारों के
खरीदारों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही
है।













