भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त कार्रवाई में भारतीय-नेपाली मुद्रा बरामद, एक गिरफ्तार
सुपौल, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा
रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर की सीमा
चौकी कुनौली एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को कुनौली बाजार
स्थित एक कपड़ा दुकान में छापेमारी कर भारतीय एवं नेपाली मुद्रा बरामद की।
इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, 22
अगस्त 2026 को शाम करीब 6:10 बजे से 7:27 बजे तक कुनौली बाजार स्थित जगदंबा
क्लॉथ स्टोर में संयुक्त टीम ने छापेमारी की। एसएसबी को सूचना मिली थी कि
दुकान संचालक कथित रूप से मुद्रा विनिमय एवं अदला-बदली की गतिविधियों में
संलिप्त है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकान परिसर की
तलाशी ली।
छापेमारी के दौरान 1 लाख 77 हजार 830 रुपये भारतीय मुद्रा
तथा 1 लाख 39 हजार 755 नेपाली रुपये बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान
कुनौली निवासी संजय कुमार पासवान को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार
व्यक्ति एवं बरामद भारतीय-नेपाली मुद्रा को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए
कुनौली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे
की कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त कार्रवाई में 45वीं वाहिनी एसएसबी के
सहायक कमांडेंट जगत्तर सिंह के नेतृत्व में एसएसबी जवानों के साथ बिहार
पुलिस के अधिकारी एवं जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
45वीं वाहिनी
एसएसबी, बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध
गतिविधियों, तस्करी एवं अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों की रोकथाम के लिए
एसएसबी लगातार सतर्कता बरत रही है। स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित
एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसी गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी
कार्रवाई जारी रहेगी।














