मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से की मुलाकात
पटना (PATNA): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस मुलाकात ने राज्य की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है.
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री और मुंगेर से सांसद ललन सिंह भी मौजूद रहे. यह मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली. हालांकि नेताओं के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. माना जा रहा है कि संभावित कैबिनेट विस्तार और सरकार की आगामी रणनीति को लेकर नेताओं के बीच चर्चा हुई हो सकती है.
नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन स्थापित किया है: सम्राट
बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने विधानसभा में बहुमत साबित किया था. फ्लोर टेस्ट से पहले सदन में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार की खुलकर प्रशंसा की थी. उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार को न तो कुर्सी से हटाया जा सकता है और न ही दिल से. सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन स्थापित किया है और उनके मार्गदर्शन में राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा.
यह मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण
राजनीति के जानकार इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मान रहे हैं, क्योंकि बिहार की वर्तमान राजनीति में नेतृत्व और सत्ता संतुलन को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं. आने वाले दिनों में कैबिनेट विस्तार और राजनीतिक समीकरणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है.















