रांची (RANCHI): माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ( यूपी बोर्ड ) का पोर्टल प्रायोगिक परीक्षा 2026 के अंक अपलोड करने के लिए 6-7 अप्रैल को फिर खुलेगा. यह जानकारी शुक्रवार को यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने दी.


अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 तक बढ़ाई गई 

उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों द्वारा अब तक प्रायोगिक परीक्षा के अंक अपलोड नहीं किए गए हैं, उनके लिए 6 एवं 7 अप्रैल 2026 को वेबसाइट दोबारा सक्रिय की जाएगी. सचिव के मुताबिक इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाएं प्रथम चरण में 24 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक और द्वितीय चरण में 2 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थीं. बाद में कुछ विद्यालयों में परीक्षाएं शेष रहने और अंक अपलोड न होने के कारण अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 तक बढ़ाई गई थी.

34,637 परीक्षार्थियों का परिणाम हुआ प्रभावित 

इसके बावजूद परिषद के संज्ञान में आया है कि 652 परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक परीक्षकों द्वारा विद्यालय लॉगिन के माध्यम से अंक अपलोड नहीं किए गए हैं, जिससे करीब 34,637 परीक्षार्थियों का परिणाम प्रभावित हुआ है. छात्रहित को ध्यान में रखते हुए परिषद ने निर्णय लिया है कि 6 और 7 अप्रैल को पोर्टल फिर से खोला जाएगा, ताकि संबंधित विद्यालय परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से लंबित अंक अपलोड कर सकें. उन्होंने ने चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि तक अंक अपलोड न करने पर संबंधित परीक्षार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किया जा सकता है. इसके लिए संबंधित परीक्षक, प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे.