पश्चिम बंगाल में आज भी भारी बारिश का दौर, कई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी
कोलकाता, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से तथा पश्चिम
बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम
बंगाल में सोमवार को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मौसम तंत्र के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के
कई जिलों में हल्की और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर बंगाल
के भी अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
अलीपुर
मौसम विभाग के अनुसार, 17 अगस्त को पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और
बांकुड़ा में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों
में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्व मेदिनीपुर,
दक्षिण 24 परगना, पुरुलिया, हावड़ा, हुगली तथा पूर्व और पश्चिम बर्दवान में
भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण बंगाल के अन्य
जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
कोलकाता, उत्तर
एवं दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर,
झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, नदिया तथा दोनों बर्दवान में कहीं
हल्की से मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के दौरान
गरज-चमक और आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। दक्षिण 24 परगना और पूर्व
मेदिनीपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल
सकती हैं। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की
गति से झोंकेदार हवा चलने की संभावना है।
उत्तर बंगाल के सभी जिलों
में सोमवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें
पड़ने की संभावना है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार
में भारी बारिश हो सकती है। कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा
में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर बंगाल में 30 से
40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवा और आकाशीय बिजली गिरने की
चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 अगस्त को भी
दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें
पड़ सकती हैं। पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, झाड़ग्राम और
पश्चिम मेदिनीपुर में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तर
बंगाल में भी अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है तथा दार्जिलिंग,
जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की संभावना बनी
रहेगी। समुद्र की स्थिति भी खराब रहने की आशंका है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा
के तट तथा उत्तर बंगाल की खाड़ी में 18 अगस्त तक तेज हवाएं चल सकती हैं।
हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 60 किलोमीटर
प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 18 अगस्त तक समुद्र
में नहीं जाने की सलाह दी है।












