मेदिनीपुर,  पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में चुनाव के बाद छिटपुट हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। केशपुर क्षेत्र में एक ओर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ता के घर में तोड़फोड़ का आरोप लगा है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच संघर्ष में एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, केशपुर के आनंदपुर थाना क्षेत्र के पेबुआ गांव में गुरुवार देर रात तृणमूल कार्यकर्ता बुलु मंडल के घर पर हमला कर तोड़फोड़ करने का आरोप भाजपा समर्थकों पर लगा है। केशपुर ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष प्रद्युत पांजा ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की कई घटनाएं हो रही हैं और पार्टी की ओर से शांति बनाए रखने की अपील की जाएगी।

शुक्रवार शाम जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पेबुआ की घटना में दो लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है और इलाके में स्थिति फिलहाल सामान्य है।

इधर, शालबनी थाना क्षेत्र के दक्षिणशोल गांव में तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस घटना में भाजपा कार्यकर्ता हरिदास मंडल घायल हो गए और उन्हें मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शनिवार सुबह भाजपा के स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के संयोजक पवित्र कुमार साहू ने आरोप लगाया कि हरिदास मंडल पर तृणमूल समर्थकों ने धारदार हथियार से हमला किया। वहीं तृणमूल की ओर से कहा गया है कि मामले की जानकारी ली जा रही है।

पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।