उद्योग विकास और पुनर्जीवन पर उद्योगपतियों के साथ मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने की बैठक
बर्दवान, दुर्गापुर में बुधवार को बामुनाड़ा इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन की पहल पर उद्योग विकास, उद्योगों के पुनर्जीवन, निवेश वृद्धि और औद्योगिक प्रोत्साहन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्रीडॉ. अजय कुमार पोद्दार ने क्षेत्र के उद्योगपतियों और उद्यमियों के साथ विचार-विमर्श किया।
इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्र की चुनौतियों, आधारभूत ढांचे के विकास और नए निवेश को आकर्षित करने से जुड़े कई सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में सरकार और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
उद्योगपतियों ने कहा कि उद्योग-अनुकूल वातावरण मजबूत होने से रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।
अपने संबोधन में मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दे रही है और लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के नए राजस्व सृजन के लक्ष्य के साथ विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में औद्योगिक क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
मंत्री ने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि सरकार निवेश बढ़ाने, उद्योगों के विस्तार और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।















