मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की हत्या की साजिश वाला फर्जी ईमेल भेजने के आरोप में युवक गिरफ्तार
कोलकाता, ।पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की हत्या की
साजिश से जुड़ा फर्जी ईमेल भेजने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार
किया है। शनिवार को कोलकाता पुलिस के मुख्यालय लालबाजार में आयोजित
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि आरोपित ने
व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते यह ईमेल भेजा था। गिरफ्तार युवक का नाम हासनेम
इकबाल बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 मई को भवानीपुर थाने को एक
ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि एक महिला मुख्यमंत्री
शुभेंदु अधिकारी की हत्या की योजना बना रही है। ईमेल में कहा गया था कि
उक्त महिला आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़ी हुई है और आत्मघाती हमले के लिए
बम तैयार कर रही है। ईमेल मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई।
गार्डेनरीच थाने की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान की गई।
पूछताछ
में आरोपित ने स्वीकार किया कि ईमेल में दी गई जानकारी पूरी तरह झूठी थी।
पुलिस के मुताबिक, जिस महिला का नाम ईमेल में लिया गया था, उसके साथ आरोपित
का व्यक्तिगत विवाद था और उसे फंसाने के उद्देश्य से उसने यह साजिश रची।
पुलिस
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी कई राजनीतिक हस्तियों के
नाम पर इसी तरह के फर्जी ईमेल भेज चुका है। यहां तक कि चुनाव आयोग को भी इस
तरह के भ्रामक ईमेल भेजे गए थे।
कोलकाता पुलिस ने चेतावनी दी है कि
भविष्य में इस प्रकार के फर्जी और भ्रामक ईमेल भेजने वालों के खिलाफ कड़ी
कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में
आरोपित देर-सबेर पकड़े ही जाएंगे, इसलिए किसी को भी इस तरह की हरकतों से
बचना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत
के बाद शुभेंदु अधिकारी ने नौ मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। संयोग से
वह स्वयं भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, जहां उन्होंने पूर्व
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों से हराया था। धमकी भरे
ईमेल के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।















